बांसगांव।
कटवर गांव में पुरानी रंजिश पर प्रधान के घरवालों ने हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता के घर में घुसकर जमकर बवाल काटा। पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई कर घर में तोड़फोड़ की और पुलिस के पहुंचने से पहले भाग निकले। सात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
बांसगांव के कटवर निवासी अर्जुन यादव हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों से ग्राम प्रधान के खिलाफ विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। इसी शिकायत पर प्रधान के खिलाफ कोटे की अनियमितता, ईंट भट्ठे पर कच्ची शराब बनाने और प्राथमिक विद्यालय गिराए जाने की जांच चल रही है। इस बात से प्रधान के घरवाले काफी नाराज थे। मामला थाने तक पहुंचा लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार सुबह अर्जुन घर के बाहर खड़े थे, तभी प्रधान के भाई तारापति यादव, संदीप, दीपक, संजीव, कमलेश, बृजेश, हरेंद्र ने उन पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की और अर्जुन के पूरे परिवार वालों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें राजेंद्र यादव, गोपाल, कौशल्या उर्फ भोना, और मनीष घायल हो गए। पुलिस ने प्रधान के घरवालों पर बलवा, धमकी देने, घर पर घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। हियुवा के प्रदेश मंत्री पीके मल्ल ने आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।