पिपराइच के जंगल सुभान अली के विकास भारती चौराहे के पास बृहस्पतिवार की रात राधेश्याम गोंड (50) का सिर बेटे ने ईंट से कूंच दिया। शोर सुनकर मां वहां पहुंची, लेकिन तब तक पिता के सिर पर बेटा कई बार वार कर चुका था। राधेश्याम की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के दामाद की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
राधेश्याम गोंड विकास भारती चौराहे पर भोजनालय चलाते थे। दुकान पर पत्नी, बेटी तथा बेटा भी रहता था। बताया जाता है कि बेटा संदीप गौड़ की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका मानसिक रोग विशेषज्ञ के यहां इलाज चल रहा है। बृहस्पतिवार की रात दुकान बंद होने के बाद पूरा परिवार दुकान के पीछे बने आवास में सो रहा था। रात लगभग दस बजे संदीप ईंट लेकर पिता के पास पहुंचा। उसने ताबड़तोड़ पिता के सिर पर ईंट से प्रहार किया। राधेश्याम की मौत हो गई। बेटी नीलम ने पुलिस और पति को घटना की जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शहर के बक्शीपुर निवासी दामाद संजय गोड़ की तहरीर पर आरोपी संदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में संदीप तरह-तरह की बातें कर रहा है।