बानखाना में घर से 11 महीने की मासूम इकरा के अपहरण की कहानी 24 घंटे के अंदर ही खुल गई। अपहरणकर्ता कोई और नहीं बल्कि इकरा का पिता अफरोज ही था। अपहरण की कहानी से पर्दा तो उसी वक्त उठने लगा था जब गुरुवार रात दो बजे पुलिस को बच्ची के शाहदाना मजार पर एक बुजुर्ग के पास होने की खबर मिली। पुलिस ने बुजुर्ग से पूछताछ की तो सामने आया कि एक नाटा, गोरा व्यक्ति ही बच्ची को उसे देकर गया है। हुलिया से पुलिस को अफरोज पर शक हुआ तो उसकी बुजुर्ग से शिनाख्त कराई गई। बुजुर्ग ने तुरंत अफरोज को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता करके मामले से पर्दा उठाया।
अफरोज से पूछताछ के बाद एसएसपी ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने से अफरोज परेशान रहता था। बेटी इल्मा के बाद इकरा का जन्म होने से वह और परेशान रहने लगा। उधर, अफरोज के दोस्त सरफराज उर्फ सिंटू निवासी चाहवाई गुद्दड़बाग के शादी के सात साल बाद भी कोई संतान नहीं थी सो अफरोज ने सरफराज को अपनी बेटी इकरा को गोद देने की बात की। सरफराज के राजी होने के बाद गुरुवार शाम करीब सात बजे अफरोज पत्नी मीना को बिना बताए इकरा को उठा ले गया और अपने दोस्त इमरान के साथ बाइक से बच्ची को सरफराज के पास पहुंचा दिया।
दो महीने बाहर घूम आओ, मामला ठंडा होने पर लौट आना
इधर, मीना ने जब बेटी इकरा को घर में नहीं पाया तो उसने शोर मचा दिया। मोहल्ले के लोग इकट्ठे होकर बच्ची को ढूंढने लगे। अफरोज भी उनके साथ बच्ची को तलाशने लगा, लेकिन पुलिस के आने पर वह घबरा गया और रोडवेज बस अड्डे पहुंचकर फोन करके सरफराज को वहां बुलाया। उससे कहा कि मीना ने पुलिस बुला ली है। तुम दो महीने के लिए कहीं बाहर घूम आओ। पुलिस का नाम सुनकर सरफराज डर गया। उसने अफरोज से बच्ची वापस लेने को कहा। रात करीब 11:45 बजे अफरोज को शाहदाना मजार के पास सरफराज ने बच्ची लौटा दी।
बुजुर्ग की गोद में बच्ची को देकर कहा-अभी आता हूं
अफरोज के सामने दिक्कत थी कि वह बेटी को लेकर घर नहीं जा सकता था। लिहाजा उसने बच्ची को मजार के पास बैठे एक बुजुर्ग को सौंप दिया और कुछ देर में आने की बात कहकर वहां से चला गया। चूंकि पुलिस सक्रिय थी सो जल्द ही एक बच्ची के मजार पर मिलने की खबर फैल गई। अफरोज के एक रिश्तेदार ने बच्ची की शिनाख्त करने के बाद एसपी सिटी रोहित सिंह को खबर दी। बुजुर्ग से पूछताछ के बाद अफरोज और फिर सरफराज को पकड़ लिया गया। पुलिस ने इमरान से भी पूछताछ की।