नवीन गल्ला मंडी स्थित गणपति कॉटन कॉर्पोरेशन नाम के रुई के गोदाम में बुधवार दोपहर आग लग गई। आग गोदाम के शटर की वेल्डिंग करने के दौरान निकली चिंगारी से लगी। इससे मंडी में अफरातफरी का माहौल हो गया। मौके पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
चिलुआताल के बरगदवा निवासी सुभाष चंद्र अग्रवाल की नवीन गल्ला मंडी में गणपति कॉटन कॉर्पोरेशन के नाम से दुकान व गोदाम है। बुधवार दोपहर दो बजे के करीब शटर की मरम्मत की जा रही थी। इलेक्ट्रिक वेल्डिंग से चिंगारी निकली और रुई ने आग पकड़ ली। अचानक ही गोदाम से तेज धुआं व आग की लपटें निकलने लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को आगोश में ले लिया। मजदूर व वेल्डिंग कर रहे कारीगर मशीन छोड़कर भाग निकले। पास के व्यापारी ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कर्मचारियों के मुताबिक मालिक की तबीयत ठीक नहीं है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। इसी वजह से नुकसान का सही अंदाजा नहीं लग पाया है।
जाम में आधे घंटे फंसी रहीं दमकल की गाड़ी
मंडी में आग लगने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां पहुंच सकीं। गाड़ियां रास्ते में लगे जाम में फंस गई थीं। इधर, गाड़ी न आने पर व्यापारियों का गुस्सा भी बढ़ने लगा लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को संभाल लिया। पुलिस मौजूद लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही थी। बाद में दमकल की गाड़ियां पहुंची, तब जाकर आग बुझाई जा सकी।
पहले भी रुई दुकानों में लगी थी आग
मंडी में पहले भी दो दुकानों में आग लग चुकी है। पहले के घटना में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था, लेकिन इस बार व्यापारी की लापरवाही ही सामने आई है। इसे लेकर जांच का भी आदेश दिया गया है।
प्रथमदृष्टया जांच में व्यापारी की लापरवाही सामने आई है। दुकान के शटर की इलेक्ट्रिक वेल्डिंग से मरम्मत हो रही थी, जिससे आग लगी। मामले की जांच कराई जाएगी और लापरवाही पुष्ट होने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
- सेवाराम वर्मा, सचिव, मंडी