कोचिंग से घर जा रही छात्रा से शोहदों ने की छेड़खानी
पादरी बाजार। शाहपुर इलाके के गंगानगर कॉलोनी में कोचिंग से पढ़कर घर जा रही छात्रा से सोमवार की शाम 7.30 के करीब बाइक सवार दो शोहदों ने छेड़खानी की। छात्रा के शोर मचाने पर शोहदे कल मिलने की बात कहकर फरार हो गए। पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। छात्रा ने घर जाकर परिवार के लोगों को पूरी बात बताई। पुलिस तहरीर के आधार मामले की जांच कर रही है।
छात्रा कोचिंग सेंटर से पैदल ही घर के लिए निकली थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवक फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया। शोर मचाने पर युवक यह कहते हुए फरार हो गए कि कल मिलेंगे। छात्रा ने बताया कि युवक कई दिनों से उसका पीछा कर रहे थे। छात्रा की ओर से तहरीर मिलने के बाद चौकी इंचार्ज रघुनंदन त्रिपाठी घटनास्थल पहुंचे और वहां एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी में दोनों युवक छेड़खानी करते नजर आ गए। चौकी इंचार्ज ने गंगानगर में लावारिस खड़ी बाइक को चौकी लाकर छात्रा से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा ने बाइक को पहचानने से इंकार कर दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जल्द ही शोहदों को पकड़ लिया जाएगा।