गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी को इस बार 41 केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा इंतजाम को लेकर आयोजक लखनऊ यूनिवर्सिटी का निर्देश गोरखपुर यूनिवर्सिटी को मिल चुका है। यूनिवर्सिटी प्रशासन इंतजाम में जुट गई है। परीक्षा 22 अप्रैल को आयोजित है।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी में यह जिम्मेदारी हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. चितरंजन मिश्र को सौंपी गई है। प्रो. मिश्र ने बताया कि विद्यार्थियों के मुताबिक लखनऊ यूनिवर्सिटी ने 41 परीक्षा केंद्रों का चयन करने को कहा है।
केंद्रों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। चयनित केंद्रों को यूनिवर्सिटी की ओर से पत्र भेजा जा रहा है, जिसमें उन्हें सहमति प्रदान करने को कहा गया है। सहमति मिलते ही परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और उन केंद्रों की जानकारी लखनऊ यूनिवर्सिटी को भेज दी जाएगी।
प्रो. मिश्र ने कहा कि परीक्षा को सुचिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। लखनऊ यूनिवर्सिटी की ओर से आए निर्देश के मुताबिक करीब 20 हजार चार सौ विद्यार्थी गोरखपुर यूनिवर्सिटी के केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं।