फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होली में उड़ेगा गुलाल, बरसेंगे रंग, गूंजेगा कबीरा

Wed, 23 Mar 2016 06:23 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
holi - फोटो : shivharsh
विज्ञापन
रंगभरी होली शहर में बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के बीच मनाई जाएगी। तरह-तरह के रंगों से समूचे महानगर का माहौल सतरंगी होगा। घर-घर से आ रही लजीज पकवानों की खुशबू होली के उल्लास में चार चांद लगाएगी। हर साल की तरह इस साल भी दोपहर एक बजे तक ही होली खेलने की अनुमति प्रशासन ने दी है। सायरन बजते ही रंगों की होली खेलने का सिलसिला थम जाएगा। 
विज्ञापन

होली पर्व का उल्लास सप्ताह भर से महानगर पर छाया हुआ है।
बुधवार को लोग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देते देखे गए। इस क्रम में देर रात तक शहर की रौनक बनी रही। होली गीत बजते रहे और रंगों, पिचकारियों और पकवानों की खरीद का सिलसिला चलता रहा। बच्चों और युवाओं में त्यौहार को लेकर विशेष उत्साह है। छोटी होली होने की वजह से बुधवार को भी बच्चों ने आते-जाते लोगों को रंग डाला। उधर, बधाईयों का सिलसिला भी बुधवार से ही शुरू हो गया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही लोग घर से निकलेंगे और रंगों से सराबोर कबीरा सर र र की गूंज होली के त्यौहार में जोश भरेगी। लोग घर-घर जाएंगे और अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई देंगे। होली मिलन का क्रम देर रात तक जारी रहेगा। 


जली होलिका, सर्वमंगल की कामना हुई 
गोरखपुर। मंगलवार की देर रात शहर में होलिकादहन की परंपरा का निर्वहन पूरे विधि-विधान से हुआ। रात तीन बजकर 18 मिनट से होलिका दहन का सिलसिला शुरू हुआ जो पांच बजकर 58 मिनट तक चला। सभी मोहल्लों में स्थापित होलिका को पूजन-अर्चन के बाद अग्नि को अर्पित कर दिया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धू-धू कर होलिका जली तो उल्लास में डूबे श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाकर भगवान और भक्त प्रहलाद से सर्वमंगल की कामना की। 
विज्ञापन

होलिका दहन के पहले मोहल्लों के लोग अपने आसपास के मंदिरों या फिर सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-मजीरे के साथ इकट्ठे हुए। पहले तो भजन गायन हुआ, फिर शुरू हुआ होली गीतों का दौर। जैसे-जैसे कार्यक्रम परवान चढ़ा होली की मस्ती और हुड़दंग गीतों में उतरने लगे। दहन का समय होते ही टोलियों में लोग होलिका स्थल पर पहुंचे और पहले पूजन किया फिर होलिका में आग लगाई। आग लगते ही लोगों ने शरीर में लगाए बुकवा के साथ छूटी मैल को उसके हवाले कर दिया और बुराईयां दूर हो, साथ ही सद्भाव व सदाचार जीवन के सारथी बने, इसकी प्रार्थना की। होलिका दहन के बाद सभी ने एक-दूसरे पर रंग डाला और कबीरा गाकर होलिकोत्सव की शुरुआत की।


शोभा यात्रा का होगा आकर्षण
होली के अवसर पर घंटाघर चौराहे से बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे भगवान नृसिंह की पारंपरिक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। गोरक्ष पीठ के महंत योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकलने वाले इस जुलूस में सैकड़ों शहरी पूरेे उल्लास के साथ हिस्सा लेंगे। 

जगह-जगह सजीं मटकियां
होली को खास बनाने के लिए कई मोहल्लों में परंपरागत रूप से मटकियां लगाई गई हैं। इन मटकियों को फोड़ने में सफल होने वाली टीम के लिए जगह-जगह ईनाम रखे गये गए हैं। इसे लेकर अलीनगर, घासीकटरा, बसंतपुर, घंटाघर, असुरन चौक पर विशेष इंतजाम है। मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन करने वाले संगठन प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दे चुके हैं। सुबह दस बजे से मटकी फोड़ने का क्रम शुरू हो जाएगा। 

खूब चला खरीदारी का दौर
बुधवार को महानगर के बाजारों में होली की जमकर खरीदारी हुई। वैसे तो खरीदारी का दौर कई दिनों से चल रहा है लेकिन बृहस्पतिवार को बाजार में विशेष भीड़ देखी गई। दुकानदार भी पूरे रौ में दिखे और दुकान पर आ रहे ग्राहकों को हर हाल में सामान बेचकर होली को शुभ करने जुगत में जुटे रहे। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ पूरे दिन लगी रही। शहर के सभी बाजार में खरीदारों का हुजूम देखा गया।  
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें