गोरखपुर। बीएसएनएल ने निजी टेलीकॉम कंपनियों को टक्कर देने के लिए एक नया प्लान बाजार में उतारा है। इसके तहत बीएसएनएल रात 9 से सुबह 7 बजे तक फ्री कॉलिंग के साथ ब्रॉडबैंड नेट की सुविधा भी मुफ्त दे रही है। इस प्लान की कीमत 249 रुपये रखी गई है।
ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं के लिए जारी इस प्लान में बीएसएनएल हाईस्पीड के साथ रोजाना 10 जीबी का डाटा दे रही है। इसके अलावा इस स्कीम से ग्राहक अनलिमिटेड ऑफ नेट कॉलिंग प्लान का भी फायदा उठा सकेंगे। हालांकि इस योजना के तहत रात 9 से सुबह 7 बजे तक ही कॉलिंग फ्री रहेगी, जबकि रविवार को पूरे दिन अनलिमिटेड फ्री कॉल दी जाएंगी। कंपनी का कहना है कि अभी तक किसी कंपनी ने ब्रॉडबैंड यूजर्स को इतना सस्ता प्लान ऑफर नहीं किया है।
एक साल के लिए है सुविधा
बीएसएनएल के 249 रुपये के इस प्लान की वैधता एक साल है। एक साल के बाद इस प्लान को 499 रुपये में चेंज कराना पड़ेगा। इसमें उपभोक्ता को प्रत्येक दिन दो जीबी डाटा पर दो एमबीपीएस की स्पीड मिलेगी। बीएसएनएल की यह सुविधा बस नए कनेक्शन पर ही लागू है। पुराने उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।
निजी कंपनियां नहीं दे रही ब्राड बैंड सुविधा
बीएसएनएल के अलावा शहर में कोई अन्य निजी कंपनी ब्रॉडबैंड की सुविधा नहीं दे रही है। कुछ कंपनियां वाई-फाई नेटवर्क से सस्ते प्लान देकर लोगों को लुभा रही हैं तो कुछ मॉडम में सिम लगाकर नेट प्लान एक्टीवेट कर सुविधा का लाभ दे रही हैं।