गोरखपुर यूनिवर्सिटी एवं संबद्ध महाविद्यालयों की तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक्स मीट के पहले दिन बुधवार को पहले दिन 5000 मीटर दौड़ में डिंपल सिंह, 200 मीटर दौड़ में आकाश वर्मा, सोनी वर्मा और शॉटपुट में अजय यादव ने नए कीर्तिमान गढ़े। इससे पहले मुख्य अतिथि एयर कमोडोर अरुण मलिक और कुलपति प्रो. वीके सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता में पहले मार्च पास्ट निकाला गया, जिसमें सबसे आगे पिछले वर्ष ओवरआल चैंपियन रही श्री गुरुकुल पीजी कॉलेज ददरी बड़हलगंज के खिलाड़ी और सबसे पीछे मेजबान यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी टीम मैनेजर डॉ. मनोज तिवारी और डॉ. दिव्या रानी सिंह के नेतृत्व में चल रहे थे। इसके बाद मुख्य अतिथि और कुलपति ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। एयर कमोडोर अरुण मलिक ने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखता है। युवाओं को अपने जीवन शैली में खेल को प्राथमिकता देनी चाहिए। कुलपति प्रो. वीके सिंह ने कहा कि खेल का व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। यह कॅरियर बनाने में भी सहयोग देता है। इससे पहले ललित कला एवं संगीत विभाग की छात्राओं ने विश्वविद्यालय का कुलगीत पेश किया। क्रीड़ा परिषद परिवार ने मुख्य अतिथि और कुलपति का माल्यार्पण कर उन्हें स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी, प्रो. चंद्रभूषण गुप्त, प्रो. सुषमा पांडेय, डॉ. राजवीर सिंह, डॉ. विजय चहल, प्रो. विनोद सिंह, प्रो. सुधीर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
538 खिलाड़ी कर रहे शिरकत
मीट में यूनिवर्सिटी सहित 48 महाविद्यालयों के 538 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में 42 प्रकार के खेल होंगे और विजेताओं में 162 पदकों का बंटवारा किया जाएगा।
खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
मुख्य अतिथि ने अखिल भारतीय अंतर यूनिवर्सिटी क्रॉस कंट्री टीम की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, स्मृतिचिह्न और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया। यूनिवर्सिटी टीम की सदस्य डिंपल सिंह को व्यक्तिगत स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त करने और टीम इवेंट में प्रथम स्थान पाने पर 42 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। किरण चौहान, सुमन सिंह, फूलन पाल, बबिता निषाद और विजय लक्ष्मी को 12-12 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। कुलपति प्रो. वीके सिंह ने अपनी तरफ से सभी खिलाड़ियों को एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
पहले दिन छाए ये खिलाड़ी
एथलेटिक्स मीट के पहले दिन कई रिकॉर्ड बने। 5000 मीटर दौड़ में डिंपल सिंह ने यूनिवर्सिटी की किरन चौहान का रिकार्ड तोड़ा। शॉटपुट पुरुष वर्ग में अजय यादव ने यूनिवर्सिटी के राजू पांडेय का रिकार्ड तोड़ा। महिला वर्ग में गुंजा गौड़ ने अपने ही रिकार्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान रचा। लंबी कूद महिला वर्ग में शिवांगी दुबे ने अर्चना यादव का रिकॉर्ड तोड़ा। पुरुष वर्ग में रंजीत कुमार ने उमेश चंद्र का रिकॉर्ड तोड़ा। 200 मीटर दौड़ पुरुष वर्ग में आकाश वर्मा ने डीवीएनपीजी कॉलेज के अमृत सिंह के रिकार्ड को और महिला वर्ग में सोनी वर्मा ने प्रेमलता के रिकार्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान गढ़ा।