गोरखपुर। खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन का शिलान्यास शनिवार को होगा। दोपहर दो बजे खलीलाबाद डाक बंगला स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रेलमंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे। इस दौरान रेल राज्यमंत्री एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, उपमुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
पांच जिलों से होकर गुजरने वाली इस रेलवे लाइन की लंबाई 240 किलोमीटर है। इसके बिछने से करीब 20 लाख लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। यह रेलवे लाइन खलीलाबाद-डुमरियागंज-बलरामपुर, श्रावस्ती होकर बहराइच तक जाएगी। अक्टूबर 2018 में 4940 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना कोे मंजूदी दी गई थी। इस बजट में धन आवंटित किया गया है। शिलान्यास के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तीन जंक्शन बनाए जाएंगे
नई रेल लाइन निर्माण के अंतर्गत खलीलाबाद, झारखंडी, बलरामपुर में जंक्शन बनाए जाएंगे। भगौली बाजार, मेहदावल, खेसरहा, बांसी, भगोभर, डुमरियागंज, बंजरहा, उतरौला, श्रृदत्तगंज, खगैजोत, श्रावस्ती, इकौना, गोरपुरवा, लक्ष्मनपुर, भिनगा, बरडेहरा व अजातातपुर पर कुल 16 क्रासिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। 12 हाल्ट स्टेशन बखिरा, पसई, रमवापुर दूबे, टिकरिया, धनखापुर, पिरमनहा, चिरकुटहा, कपौषेरपुर, महेषभरी, हसुआडोल, रामनगर, विसुनपुर, हरिहरपुर रानी एवं धुसवापुल में बनाया जाएगा।