गोरखपुर। आगामी नवंबर से बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज की ‘मिनी एम्स’ जैसी सुविधाएं मिलेंगी। गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेडिकल और सर्जरी की आठ नई सुपर स्पेशियालिटी का निर्माण अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। चिकित्सक सहित अन्य स्टॉफ की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। नवंबर में लोकार्पण के साथ ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलने लगेगी।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को गोरखपुर क्लब में 57.57 करोड़ रुपये की 36 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और गैस्ट्रो के इलाज, सर्जरी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की लैब भी खुल रही है। इसका निर्माण कार्य पूरा हुआ तो गंभीर जांच के लिए पुणे का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। छह महीने तक रिपोर्ट के इंतजार की झंझट नहीं रहेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, फतेहबहादुर सिंह, विपिन सिंह, शीतल पांडेय, संत प्रसाद, महेंद्रपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव और भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीति राय बड़े मौजूद रहे।
मार्च से शुरू होगी एम्स की ओपीडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। मार्च 2019 तक ओपीडी शुरू करने की योजना है। सत्र 2019-20 से एमबीबीएस की सौ सीटों पर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
शहर में बिछेगा सड़कों का जाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहजनवां से जगदीशपुर बाईपास बनाने का काम जारी है। जंगलकौड़िया से कालेसर तक बाईपास बनाने का काम भी चल रहा है। हार्बर्ट बंधा से शहर को आपस में जोड़ने वाली सड़क बनाने का प्रस्ताव है। रिंग रोड बनाने का काम पहले से चल रहा है। ज्यादातर सड़कों को फोर लेन किया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस के जरिए बलिया, वाराणसी सहित तमाम शहरों की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी।
सफाई, अतिक्रमण हटवाने की जिम्मेदारी महापौर को दी
मुख्यमंत्री ने महापौर सीताराम जायसवाल को विशेष जिम्मेदारी दी है। कहा है कि सप्ताह में दो दिन सांसद, विधायक, पार्षद, व्यापारी, स्वयं सेवी संगठन और अफसरों के साथ सफाई अभियान निकलें। अस्पताल सहित सभी सार्वजनिक स्थल साफ सुथरे रहने चाहिए। स्वच्छता मिशन सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सड़कों से अतिक्रमण हटवाने और व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी भी महापौर को दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अफसरों से समन्वयक बनाकर ठेला, खोमचा वालों सहित व्यापारियों से बात करें और अतिक्रमण को हटवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मेडिकल कॉलेज रोड से जो भी अतिक्रमण हटा है, वहां पुनर्वास की व्यवस्था कराई जानी चाहिए।
उपलब्धियां भी गिनाईं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपलब्धियां भी गिनाईं। कहा कि चिड़ियाघर का उद्घाटन दिसंबर 2018 तक संभव है। रामगढ़ ताल परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। खाद कारखाना बनने से रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ विकास कर रहे हैं। नकारात्मक से कोई काम नहीं होता है।
आसरा और पीएम आवास योजना का प्रमाण पत्र दिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आसरा योजना के सौ और प्रधानमंत्री आवास योजना के 51 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिया। साथ ही बांसफोड़ समुदाय की नाथन देवी, नीरा, आरती, मुन्नी देवी, रेखा और सुमन को मंच पर बुलाया और आवासीय सुविधा का प्रमाण पत्र दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बांसफोड़ समुदाय के लोग अपने घर में रहेंगे। मेडिकल कॉलेज रोड या फिर बैंक रोड पर रहने की जरूरत नहीं है। अफसरों से कहा कि कुछ ऐसी व्यवस्था करें कि बांसफोड़ समुदाय के लोग घर न बेच सकें। बिछिया कॉलोनी की आसिया खातून, मानबेला के दिनेश, नंदानगर की राधिका, किरन देवी और नकहा की नतिया देवी को भी आवास का प्रमाण पत्र मिला। चंद्रलोक कुष्ठाश्रम के लोगों को अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड भी दिया गया।