झंझरी/गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह गड्ढे के किनारे 20 वर्षीय युवती का शव मिला। परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
युवती के भाई, जो एक राजनीतिक दल के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हैं, ने बताया कि उनकी बहन सुबह करीब साढ़े सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक न लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। उसी दौरान ग्रामीणों ने खेत के पास एक गड्ढे के समीप युवती का शव पड़ा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
परिजनों का आरोप है कि युवती के गले पर चोट के निशान थे। घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि युवती ने हमलावर से बचने के लिए संघर्ष किया था और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
सीओ सिटी आनंद राय और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर मिली तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।