गोंडा। एलबीएस पीजी कॉलेज के सामने वेडिंग जोन के पास स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतरने से युवक की मौत के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया है। खंभों पर इंसुलेटर लगाने का अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि जिस स्ट्रीट लाइट के खंभे से हादसा हुआ, उसकी जिम्मेदारी को लेकर सवाल अभी भी बने हुए हैं। नगर पालिका परिषद की तैयारियों पर भी उंगलियां उठ रही हैं।
बीते दिनों बहराइच जिले के हूजूरपुर क्षेत्र के भग्गड़वा गांव निवासी विमल कुमार (24) की एलबीएस पीजी कॉलेज के सामने नगर पालिका के वेडिंग जोन के पास लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतरने से मौत हो गई थी। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था। सार्वजनिक स्थानों पर लगे बिजली के खंभों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे।
घटना के बाद देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके तहत बारिश के दौरान करंट उतरने की आशंका को कम करने के लिए खंभों पर इंसुलेटर (सुरक्षा कवर) लगाने का काम शुरू करा दिया गया है। विभाग का कहना है कि इससे करंट उतरने की स्थिति में जनहानि की आशंका कम होगी।
दूसरी ओर नगर पालिका परिषद ने घटना के बाद स्ट्रीट लाइट के खंभों की जांच कराई। अधिकारियों का दावा है कि खंभे पर किसी प्रकार का तार कटा या खुला नहीं मिला। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट के खंभों पर अब भी खुले तार और खराब वायरिंग है, जिससे बारिश के दौरान हादसे का खतरा बना हुआ है।