गोंडा। बेंगवा पथार गांव का रहने वाला एक युवक रविवार को अपने घर से बांस काटने के लिए तिवारी बाजार की ओर गया था। मगर देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की। सोमवार की सुबह घर से चार किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में लगे कटीले तार पर उसका शव पड़ा मिला। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के बेंगवा पथार गांव निवासी मोहित कुुमार ने बताया कि उसके पिता रामपाल (35) रविवार की शाम अपने घर से तिवारी बाजार की ओर बांस काटने के लिए जाने को कहकर निकले थे। मगर वह देर रात तक जब घर वापस नहीं लौटे तो उनके मोबाइल पर कॉल किया गया। मगर मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। सोमवार की सुबह तकरीबन छह बजे गांव के कुछ लोगों ने रामपाल का शव घर से चार किलोमीटर दूरी पर गेहूं के खेत में लगे कटीले तार पर पड़ा देखा तो सूचना दी।
मोहित ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो उसके पिता के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। मोहित ने अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। थाना तरबगंज के प्रभारी बब्बन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।