जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में फुटबाल खेलती महिलाएं। स्रोत: विभाग
गोंडा। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को लीग मुकाबलों में रोमांच देखने को मिला। तीसरे दिन के मैचों का उद्घाटन फुलवारी स्कूल के प्रबंधक क्रांति सिंह तथा उप क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने किया।
पहले मुकाबले में वाराणसी और कानपुर के खिलाड़ी आमने-सामने हुए। वाराणसी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से मुकाबला अपने नाम किया। वाराणसी टीम ने शुरू से ही मैदान पर वर्चस्व बनाए रखा।
दूसरे मैच में बरेली ने सहारनपुर पर जबर्दस्त दबदबा दिखाया और 14–0 के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा, जिसमें बरेली की स्ट्राइकर खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल का प्रदर्शन किया।
तीसरे मुकाबले में प्रयागराज और अलीगढ़ के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने एक-एक गोल दागा। दोनों ओर से शानदार डिफेंस और गोलकीपिंग देखने को मिली। इस तरह मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
प्रतियोगिता में मैच कमिश्नर आसिफ नजबी, आयुब शाह, हाजी मुनव्वर, संजय सिंह, राजेश पांडेय, डॉ. प्रत्यूष राज, मोहम्मद तौकीर, विशाल तिवारी आदि मौजूद रहे।