गोंडा के करनैलगंज में दुघर्टना के बाद बस के नीचे घुसी बाइक।
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बरगदी मोड़ के पास एक निजी बस में बाइक सवार बाइक समेत घुस गया। जिसमें बाइक सवार की मौत की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत करके बाइक को बस के नीचे से निकाला। बस चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मामला करनैलगंज-लखनऊ मार्ग स्थित बरगदी चौराहे के समीप का है। ग्राम कटरा शहबाजपुर निवासी विनोद कुमार (26) बाइक से करनैलगंज बाजार गया था। जहां से घर लौट रहा था। वह बरगदी चौराहे के समीप पहुंचा था। उसी समय लखनऊ की तरफ से आ रही एक निजी बस की चपेट में आ गया। जिससे बाइक बस के नीचे चली गई। वहीं विनोद काफी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस उसे सीएचसी ले गई जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजेश यादव, नगर चौकी प्रभारी रणजीत यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत करके बाइक को बस के नीचे से निकलवाकर कोतवाली ले गये। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. मुदस्सिर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही विनोद की मौत हो चुकी थी। कोतवाल बृजेश यादव ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर बस चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विवेचना की जा रही है।