गोंडा में मनकापुर के दतौली चीनी मिल के पास हुए हादसे में क्षतिग्रस्त टेंपो। - संवाद
गोंडा। सड़क हादसों में बिहार के मजदूर समेत दो लोगों की मौत हो गई। मनकापुर क्षेत्र में रेहरा मार्ग पर दतौली चीनी मिल के पास ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य जख्मी हो गए। वहीं, वजीरगंज थाना क्षेत्र में महराजगंज मोड़ पर बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मनकापुर रेलवे स्टेशन से बृहस्पतिवार सुबह सवारियां लेकर बलरामपुर के रेहरा बाजार जा रहे टेंपो को दतौली चीनी मिल के पास बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया। हादसे में बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में चेतवा बेतिया के कैलाची हरीपुर निवासी राजेश कुमार (24), करीमउल्ला (39) व श्यामसुंदर (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में बलरामपुर के रेहरा बाजार निवासी चंद्र प्रताप सिंह (46) भी जख्मी हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे दतौली चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी मनकापुर भिजवाया। जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएन सिंह ने राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसा करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
उधर, वजीरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर खरहंटा गांव निवासी सुमित्रा देवी ने बताया कि उनके पति बनवारी (60) बुधवार शाम सब्जी लेने के लिए साइकिल से बालेश्वरगंज बाजार गए थे। वहां से लौटते समय दुर्जनपुर मार्ग पर महराजगंज मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बनवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। बनवारी के दो बेटे गंगाराम व रामरंग हैं। दोनों बेटे परिवार सहित चंडीगढ़ में रहते हैं, उन्हें सूचना दी गई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सुमित्रा की तहरीर पर नौबस्ता निवासी बाइक सवार सोनू मिश्र के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।