वजीरगंज में राजासगरा के पास बुधवार देर रात अयोध्या से आ रहे ट्रक ने पहले दो लोगों को रौंदा और इसके बाद पिकअप से जा टकराया। पिकअप से टकराते ही ट्रक का अगला पहिया पंचर हो गया और पीछे से आ रही डीसीएम ने ट्रक में टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ट्रक से टकराने वाली डीसीएम में लदा एक घोड़ा भी मर गया। जबकि डीसीएम व ट्रक में बैठे लोगों को भी हल्की-फुल्की चोटें आईं।
बुधवार को कौड़िया थाना क्षेत्र के छिरास गांव से एक पिकअप गेहूं लेकर हनुमानगढ़ी अयोध्या जा रही थी। यह पिकअप जैसे ही रात करीब 12 बजे वजीरगंज राजा सगरा के पास पहुंची कि उसका पहिया पंचर हो गया। पिकअप का पहिया पंचर होने के बाद गाड़ी से उतरकर चालक सुरेंद्र (40) व रामछबीले (35) बाहर आए और पिकअप से कुछ दूर जाकर सड़क पर खड़े हो गए।
इसी दौरान फैजाबाद से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को रौंद दिया और पिकअप से जा टकराया। पिकअप से टकराते ही ट्रक का अगला पहिया पंचर हो गया और पीछे से आ रही डीसीएम ने ट्रक में ठोकर मार दी। इससे डीसीएम में लदे एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि डीसीएम में सवार लोगों को भी हल्की-फुल्की चोंटे आईं।
हालांकि डीसीएम का चालक कुछ देर वहां रुकने के बाद वहां से चला गया। उधर, ट्रक की चपेट में आने से रामछबीले की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सुरेंद्र का पैर दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वजीरगंज थानध्यक्ष मथुरा राय ने बताया कि अभी उन्हें मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।