गोंडा। गैर जनपद स्थानांतरित होने वाले 18 डॉक्टरों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। इससे जिला अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था बेपटरी हो गई है। जिला अस्पताल में कई विभाग खाली होने से मरीजों को भटकना पड़ रहा है। जबकि, पिछले सप्ताह से अल्ट्रासाउंड जांच व्यवस्था ठप है।
जिले से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात 20 चिकित्सकों का गैर जनपद तबादला हो गया है। करीब सप्ताहभर बाद 18 डॉक्टरों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। कुछ डॉक्टर छुट्टी पर हैं उन्हें भी कार्यमुक्त आदेश दे दिया गया है। सीएमओ के अधीन तैनात डॉ. एके राय, डॉ अनिल कुमार उपाध्याय, डॉ सुरेश चंद्रा, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. संग्राम सिंह तथा डॉ. सुजीत मौर्य के अलावा डॉ. हिमाशुं चौधरी, डॉ. दिव्याशुं कुमार, डॉ. आकांक्षा राज, डॉ. अंसार अहमद व डॉ. मो. जमा को कार्यमुक्त कर दिया गया है। जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. इंदुबाला ने बताया कि उनके अधीन डॉ. समीर गुप्ता, डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, डॉ. जितेंद्र पांडेय, डॉ. अजीत सिंह व डॉ. अनिल कुमार को कार्यमुक्त कर दिया गया है। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुषमा सिंह ने बताया कि उनके यहां से डॉ. गरिमा मिश्रा को कार्यमुक्त कर दिया गया है जबकि डॉ. रामलखन छुट्टी पर हैं।
इधर, जिले में बड़ी तादात में डॉक्टरों के कार्यमुक्त होने से स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी हो गई है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। महिला अस्पताल में पिछले सप्ताह से अल्ट्रासाउंड ठप है। सामुदायिक स्वास्थ्य मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा कहती हैं कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स का कर दिया तबादला
गोंडा। स्वास्थ्य महकमे में हुए तबादले पहले से ही कई सवालों से घिरे हैं। जिले में स्थानांतरण को लेकर एक और गड़बड़ी सामने आ रही है। करीब माहभर पहले सेवानिवृत्त हो चुकी स्टाफ नर्स का तबादला सूची में नाम सबको हैरान कर रहा। जिससे तबादला नीति पर सवाल उठ रहे हैं।
जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स इंदु पांडेय विगत 31 मई को सेवानिवृत्त हो गईं। विभाग की ओर से सम्मान के साथ विदाई दी गई, लेकिन माहभर बाद 31 जून को कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा की ओर से जारी तबादला सूची में उनका नाम था। तबादला सूची में क्रमांक संख्या 266 पर इंदु पांडेय को गोंडा जिला अस्पताल से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय बाराबंकी स्थानांतरित कर दिया गया। जिला अस्पताल में तैनात दिव्यांग लिपिक विजय कुमार का तबादला स्थानांतरण नीति पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा। समूह ग के कर्मियों का पटल परिवर्तन विकासखंड के भीतर होना था, लेकिन तबादला नीति को दरकिनार कर फार्मासिस्टों व अन्य कर्मियों का तबादला विकासखंड के बाहर कर दिया गया। जिसकी शिकायत फार्मासिस्टों ने की है।