गोंडा। छुट्टा पशु के अचानक ट्रैक पर आ जाने के से पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की स्पेशल ट्रेन अचानक रोकनी पड़ी। मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन फानन में ट्रैक को साफ कर ट्रेन को मनकापुर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान दो मिनट तक ट्रेन को रोकना पड़ा।
रेलवे ट्रैक पर आवारा पशुओं के आवागमन पर रेलवे प्रशासन अंकुश नहीं लगा पा रहा है। अभी दो दिन पूर्व में बभनान रेलवे स्टेशन के पास आवारा पशुओं के चलते ट्रेनों का आवागमन बाधित हुआ था। मंगलवार सुबह पूर्वोत्तर रेलवे व मध्य पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ जीएम स्पेशल ट्रेन से लखनऊ से वाया गोंडा होकर गोरखपुर के बीच विंडो निरीक्षण कर रहे थे। ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन से रन थ्रू पास हो रही थी। तभी ट्रैक पर आवारा पशु आ जाने के कारण ट्रेन आउटर सिग्नल व लोको लॉबी के पास एकाएक रोकना पड़ी।
करीब दो मिनट के बाद ट्रेन को मनकापुर के लिए रवाना किया गया। महाप्रबंधक स्पेशल ट्रेन के रुकते ही रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। ट्रेन के रवाना होने के बाद ही सभी ने राहत की सांस ली। महाप्रबंधक स्पेशल ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन से रन थ्रू गुजरते समय क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार, लोको शेड के सीनियर मंडल विद्युत अभियंता आशीष कुमार, अधीक्षक अनिल कुमार, आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एके सिंह समेत अन्य अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहे।