गोंडा। पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के पास गुवाहाटी बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त मामले में रविवार को सीआरएस के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गोंडा लोको शेड पहुंची। बता दें कि गुवाहाटी बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन में इसी लोको शेड का इंजन लगा था। टीम ने इंजन की जांच पड़ताल की।
13 जनवरी की शाम न्यू जलपाईगुड़ी के पास गुवाहाटी- बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से आधा दर्जन से अधिक यात्रियों की मौत हो गई थी। अमर उजाला ने 15 जनवरी के अंक में माई सिटी में गोंडा से गया था हादसे की शिकार हुई ट्रेन का इंजन शीर्षक का खबर प्रकाशित की थी। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन व सीईओ के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल व प्रमुख लोको अभियंता सुरेश कुमार की टीम ने रेलवे लोको शेड पहुंचकर जांच की थी।
इसी क्रम में रविवार को सीआरएस के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम रेलवे लोको शेड पहुंची। दुघर्टना का मुख्य कारण इस ट्रेन में लगा लोको (इंजन) था, जोकि गोंडा रेलवे लोको शेड से गया था। पूर्वोत्तर परिमंडल के मुख्य संरक्षा आयुक्त व सीआरएस मोहम्मद लतीफ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए लोको शेड पहुंची। इस टीम में प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता एके शुक्ला व अपर मंडल रेल प्रबंधक संजय यादव शामिल थे। सीआरएस मोहम्मद लतीफ ने शेड के मोटर ट्रेक्शन सेक्शन में जाकर दुर्घटना में शामिल लोको के एक - एक उपकरण का विधिवत जांच की। इस संबंध में अपर मंडल रेल प्रबंधक संजय यादव ने बताया कि सीआरएस ट्रेन हादसे की जांच के लिए आए थे।