लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में शनिवार को स्काउट गाइड शिविर का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की, जिन्हें खूब सराहा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डीएम अजय कुमार उपाध्याय व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सिंह की उपस्थिति में शुरू हुए प्रवेश प्रवीण एवं निपुण जांच शिविर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही।
रेंजर्स द्वारा प्रस्तुत की गई सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, राधा तेरी चुनरी जैसी प्रस्तुतियों ने अतिथियों का मनमोह लिया।
उच्च शिक्षा के मुख्यालय आयुक्त डॉ. आरबी सिंह बघेल की अगुवाई में शुरू हुए शिविर का संचालन जिला संगठन कमिश्नर ज्ञानेश गुप्ता ने किया।
शिविर संयोजक डॉ. डीपी सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस दौरान साहित्यकार सीएल दीक्षित, मुख्य नियंता ओंकार पाठक, शशि सिंह, प्रशिक्षक अशोक कुमार यादव, गयालाल यादव, डॉ. जुनेद अहमद के अलावा छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।