गोंडा। शहर को संवारने और नया लुक देने की कवायद जारी है। कलेक्ट्रेट गेट पर सेल्फी प्वाइंट और दूसरे पार्क के निर्माण के साथ ही अब बालपुर के बाद शहर की सीमा पर चित्रगुप्त द्वार बनेगा। इसके लिए सदर विधायक प्रतीक सिंह के प्रयास से 22.30 लाख का बजट तय हो गया है और निर्माण की प्रक्रिया 30 दिसबंर तक पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह निर्माण शुरू करने की नींव 24 दिसंबर को रखेंगे। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशाषी अभियंता मुनेश कुमार लोधी ने कहा कि द्वार के निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
शहर को संवारने की कवायद जारी है। आंबेडकर चौराहे पर जिले का गौरव बढ़ाने की पहल के साथ ही विकास भवन में पार्क तैयार बनाया जा रहा है। इसके साथ ही अब हारीपुर गांव के पास चित्रगुप्त द्वार बनने से जिले को नई पहचान मिलेगी। फोरलेन के दोनों तरफ द्वार का निर्माण करने की तैयारी की जा रही हे। इससे जिले के लोगों के साथ ही कायस्थ समाज के चेहरे खिल गए हैं।
बताया जा रहा है कि शहर में अग्रसेन चौराहा, गुरुनानक चौराहा, झूलेलाल चौराहे के निर्माण से शहर का लुक तो बदला ही है, अब शहर में प्रवेश द्वार पर भगवान चित्रगुप्त का द्वार चार चांद लगाएगा। वहीं चौक में वीर अब्दुल हमीद चौराहे का निर्माण भी हुआ है। इससे पूरे जिले को एक नया संदेश देने की पहल भी हुई है, वहीं लोगों की आस्था का सम्मान भी हो रहा है। फिलहाल चित्रगुप्त द्वार का निर्माण होने से शहर के बदलावों का प्रयास आगे बढ़ सकेगा। वरिष्ठ अधिवक्ता विवेकमणि श्रीवास्तव कहते हैं कि पहली बार ऐसी पहल हो रही है। विधायक ने सबका साथ सबका विकास के नारे को चरितार्थ किया है।
शहीदों की याद में बन रहा क्रांति उपवन
आंबेडकर चौराहे से आगे शहीदों की याद में क्रांति उपवन का निर्माण हो रहा है। इसमें सन 1847 के स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा के साथ ही एतिहासिक क्रांति स्पूत बनाया जा रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े 26 गांवों की आस्था से यह उपवन जुड़ा है और लोगों में खासा उत्साह है। निर्माण होने के बाद इन गांवों के लोग अपने गांवों के शहीदों की प्रतिमा पूरे उत्साह के साथ लगा सकेंगे और उपवन से सीधे जुड़ सकेंगे।
कायस्थ महासभा ने जताई खुशी
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेकमणि श्रीवास्तव के आवास पर कायस्थ समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों व गणमान्य व्यक्तियों की बैठक रविवार को हुई। पदाधिकारियों ने चित्रगुप्त द्वार के निर्माण पर खुशी जताई और पहल के लिए सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह का आभार जताया। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि शासन ने सदर विधायक के प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए चित्रगुप्त द्वार के निर्माण की अनुमति प्रदान कर दी। बताया कि 24 दिसंबर को सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह निर्माण के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। जिसमें विशिष्ट अतिथि सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह रहेंगे। इस मौके पर अनिल श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव उर्फ गप्पू, प्रेम शंकर श्रीवास्तव, शीतला प्रसाद श्रीवास्तव, आइबी श्रीवास्तव, अश्विनी श्रीवास्तव, बृजेश श्रीवास्तव, पंकज सिन्हा, दीपक श्रीवास्तव सुधीर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे