गोंडा। करीब एक महीने से चार फीडरों से जुड़ी पचास हजार से अधिक की आबादी बिजली की समस्या से परेशान है। बिजली घर से जुड़े 11 केवीए के खरगूपुर, बलरामपुर, साउथ और ईस्ट फीडर बराबर ब्रेक डाउन में चल रहे हैं।
यहां पर उपभोक्ताओं को लोकल फाल्ट के चलते महज 3 से 4 घंटे की ही आपूर्ति हो पा रही है। विद्युत उपकेंद्र के इन फीडरों से विरमापुर, पारासराय, दिखलौल, बहलोलपुर, कुरासी, कुरसहा, सरहरा, करुवापारा, बेलवा कर्मडीह, संझवल, हरैया झूमन, चुरिहारपुर, गजाधरपुर, कोल्हुआ, विशुनपुर तिवारी, लखनीपुर, सरकांड, गोशेंद्रपुर, जगतापुर, बसवरिया, भवानीपुर कलां, अर्जुनपुर, बलहीजोत सहित कई गांव इस लाइन से जुड़े हुए हैं।
अक्सर तेज बारिश से चारों फीडरों की बिजली गुल हो जाती है। जिसे ठीक करने में दो से तीन दिन का समय लग जाता है। अक्सर तार टूटने व इंसुलेटर खराब होने की समस्या बनी रहती है। शुक्रवार को भी भीषण गर्मी में उपभोक्ता बिजली की आवाजाही से दिन रात परेशान रहे।
132 केवीए इटियाथोक से रात में होने वाली इमरजेंसी रोस्टिंग से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। अभी तक पूरी लाइन पर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। फीडर से जुड़े रोहित दूबे, स्वामी नाथ उपाध्याय, कृष्ण मोहन शुक्ला, नवाब अली ने आपूर्ति निर्बाध रूप से बहाल कराए जाने की मांग की है। (संवाद)