गोंडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा कराने की आवाज सीएम को एक ज्ञापन भेजकर बुलंद की है। संघ के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह की अगुवाई में धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा गया। इसमें प्रमुख तौर पर सभी शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दिए जाने, वित्तविहीन शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा देने, विनियमितीकरण से वंचित शिक्षकों को नियमित किए जाने व विद्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर तथा व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक बनाने की मांग शामिल है।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि विद्यालयों के खुलने एवं बंद होने का समय पूरी तरह से अव्यवहारिक है। इसमें शीघ्र ूबदलाव किया जाए। जिला मंत्री राधा मोहन पांडेय ने विद्यालयों में तदर्थ प्रधानाचार्य बनाने, शिक्षकों के चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान को समय से पूरा कराने की मांग को उठाया। धरने को शिक्षक नेता धर्मवीर सिंह, सहदेव सिंह, बृजेश द्विवेदी, सूर्यनारायण शुक्ला, प्रिय शंकर मिश्र, कृष्ण कुमार द्विवेदी आदि ने भी संबोधित किया। संवाद