गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम ने शुक्रवार को रेलवे यार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रूटीन ओवर हालिंग (आरओएच) डिपो में मालगाड़ी के वैगन की मरम्मत में खामियां मिली।
जीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने भरोसा दिलाया कि साल के अंत तक गोंडा रेलवे प्लेट फार्मों की संख्या बढ़ाने का कार्य पूरा हो जाएगा और जल्दी ही गोंडा से लखनऊ के बीच पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी शुरू होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक विनय कुमार त्रिपाठी शुक्रवार को यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा करने रेलवे स्टेशन व यार्ड का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम आरआरआई पैनल, माल ढुलाई परीक्षा यार्ड, यार्ड मास्टर ऑफिस, बीसीएन, आरओएच डिपो को देखा।
उन्होंने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन के दृष्टिगत यात्री सुविधाओं पर हो रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की बात कहते हुए संरक्षित व सुरक्षित रेल संचालन के लिए सभी को सुरक्षा व संरक्षा के मापदंड को उच्चस्तर पर बनाए रखने को भी निर्देशित किया।
इसके बाद जीएम ने रेलवे अस्पताल का निरीक्षण कर आउटडोर, रजिस्ट्रेशन रूम, महिला एवं पुरुष वार्ड, एक्स-रे रूम ,पैथोलॉजी को देखा। रेलवे चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्साधिकारियों को चिकित्सा सुविधाओ को बेहतर बनाने का निर्देश भी दिया।
अंत में उन्होंने लोको शेड पहुंचकर ओवरहालिंग अनुभाग, बोगी अनुभाग, विद्युत रनिंग शेड एवं लोको शेड के कार्यालय, डीजल ट्रेक्शन ट्रेनिंग सेंटर, सिमुलेटर केंद्र का निरीक्षण किया।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचे जीएम न मुख्य प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, खान-पान स्टाल, बुकिंग व आरक्षण कार्यालय, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, महिला एवं पुरुष रिटायरिंग रूम, स्टेशन पर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था को भी देखा।
इस दौरान प्लेटफार्म एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर बनाने की जरूरत भी जतायी। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक डॉ मोनिका अग्निहोत्री, अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी व जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।