गोंडा। विधानपरिषद सदस्य के निर्वाचन में सोमवार को सपा प्रत्याशी डॉ. भानु कुमार त्रिपाठी ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। अब तक एक ही नामांकन हुआ है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की तैयारी है। भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह ने दो सेट में नामांकन पत्र लिया है।
वहीं सपा जिलाध्यक्ष आनंद स्वरूप उर्फ पप्पू यादव ने भी नामांकन पत्र लिया है जिससे लोग हैरत में हैं। माना जा रहा है कि पार्टी चुनाव में काफी सावधानी बरत रही है। इससे जिलाध्यक्ष ने भी नामांकन पत्र ले लिया है। वहीं अब तक सात दावेदारों ने नामांकन पत्र लिया है।
विधानपरिषद सदस्य के चुनाव में सपा ने डॉ. भानु कुमार त्रिपाठी और भाजपा ने पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा प्रत्याशी ने सोमवार को नामांकन पत्र जिला मजिस्ट्रेट के कोर्ट पर दाखिल किया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी की ओर से नामांकन पत्र लिया गया है। मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है, ऐसे में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की तैयारी है।
सोमवार को गोंडा-बलरामपुर क्षेत्र के एमएलसी निर्वाचन के लिए कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए हैं। नामांकन पत्र विवेक मणि श्रीवास्तव, एडवोकेट सिविल कोर्ट ने एक सेट, धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू सिंह निवासी सिविल लाइन बलरामपुर ने एक सेट, आनंद स्वरूप उर्फ पप्पू यादव निवासी डिडिसिया कला तरबगंज ने एक सेट, बाबूराम निवासी बेसहूपुर ने एक सेट तथा सुरेश मिश्रा, आवास विकास कॉलोनी ने एक सेट नामांकन पत्र प्राप्त किए। सपा जिलाध्यक्ष के नामांकन पत्र लेने से सभी भौचक्के रहे।
सपा प्रत्याशी डॉ. भानु कुमार त्रिपाठी किसी से कम नहीं हैं। वह चल-अचल संपत्तियों को मिलाकर पांच करोड़ के मालिक हैं। उनके पास लखनऊ के साथ ही बलरामपुर में जमीन और मकान हैं। उनकी पत्नी पूनम त्रिपाठी भी लखपति हैं। 24 लाख से अधिक की संपत्तियों की मालकिन हैं। इसके साथ ही भानु के खिलाफ तीन एफआईआर भी दर्ज हैं जिसमें मारपीट के साथ ही धोखाधड़ी के मामले शामिल हैं। उन्होंने शपथ पत्र में अपनी संपत्तियों और मुकदमों का ब्योरा प्रस्तुत किया है।