गोंडा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अक्तूबर माह की रैंकिंग में देवीपाटन मंडल का श्रावस्ती जिला पूरे प्रदेश में अव्वल है। वहीं, मंडल मुख्यालय गोंडा की स्थिति बेहद खराब दर्ज की गई। गोंडा को राजस्व कार्यों में 43वां और विकास कार्यों में 71वां स्थान मिला है। कुल मिलाकर गोंडा की प्रदेश में रैंकिंग 68वें पायदान पर रही।
शासन स्तर से राजस्व व विकास कार्यों में प्रदेश के सभी 75 जिलों के प्रदर्शन की अक्तूबर माह की रैंकिंग जारी की गई है। इसमें देवीपाटन मंडल का श्रावस्ती जिला प्रदेश में अव्वल रहा। प्रदेश में गोंडा जिले के राजस्व कार्यों को 43वां स्थान मिला। जबकि विकास कार्यों में सबसे खराब 71वां स्थान दर्ज किया गया। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि रैंकिंग सुधार के लिए प्रयास किए गए हैं। कुछ सुधार हुआ है। बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।