देवरिया की पुलिस टीमों ने गोंडा और गोरखपुर जिले के ठिकानों पर दी दबिश
नौवीं की छात्रा पारवी की हत्या के पीछे रेलवे वेंडर पर पुलिस का संदेह गहराया
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बतौर वेंडर कार्यरत रहा बहराइच निवासी युवक फरार
बभनान और परसा तिवारी स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला था छात्रा का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान/गोंडा। देवरिया जिले की रहने वाली छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत के पीछे रेलवे वेंडर पर पुलिस का संदेह गहरा गया है। पुलिस ने बहराइच के रहने वाले रेलवे वेंडर की तलाश तेज कर दी है। बुधवार को देवरिया पुलिस ने गोंडा व गोरखपुर में वेंडर के ठिकानों पर दबिश दी। मगर वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।
देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर के रहने वाले संतोष कुशवाहा की बेटी पारवी (16) रविवार को लाइब्रेरी जाने के लिए घर से निकली थी। उसका शव छपिया थाना क्षेत्र के बभनान-परसा तिवारी रेलवे स्टेशन के मध्य करमा गांव के पास उसका शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा पाया गया था। हत्या से पहले पारवी ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक वेंडर से मोबाइल फोन मांगकर गुजरात के रहने वाले अपने सहपाठी से बात की थी। इसके बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। पारवी की मौत की जब सहपाठी को जानकारी हुई तो उसने छात्रा के परिजनों को बताया था कि पारवी ने किसी अजनबी से फोन मांगकर उससे बातचीत की थी।
पारवी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। शव मिलने के बाद पुलिस छात्रा की हत्या या आत्महत्या मानकर तफ्तीश शुरू की थी। अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर छात्रा की मौत के पीछे बहराइच निवासी वेंडर पर पुलिस का संदेह गहरा गया है। गोंडा जिले में वेंडर की ससुराल है। वह अक्सर गोंडा आता जाता है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर वेंडरिंग करता है। बुधवार को देवरिया पुलिस ने वेंडर की तलाश में गोंडा और गोरखपुर में दबिश दी। हालांकि, वेंडर पुलिस के पहुंचने से पहले भाग निकला। बनकटा थाने के उपनिरीक्षक एवं मुकदमे के विवेचक जयप्रकाश दूबे ने बताया वेंडर की तलाश की जा रही है।