गोंडा। यूपी बोर्ड की विज्ञान परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरों पर संतोष व आत्मविश्वास दिखा। अधिकतर छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया, हालांकि कुछ ने भौतिक विज्ञान के प्रश्नों को अपेक्षाकृत कठिन माना।
बुधवार को पहली पाली हाईस्कूल में विज्ञान की परीक्षा थी। शहर के रोजवुड इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकली अनन्या तिवारी ने बताया कि विज्ञान का पेपर अच्छा रहा। जीव विज्ञान की तैयारी में थोड़ी कमी रह गई थी, जिससे कुछ प्रश्नों में परेशानी हुई। वहीं तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज, परसपुर की छात्रा प्रिया पाठक ने बताया कि विज्ञान का पेपर ठीक रहा, उन्होंने सभी प्रश्न हल किए।
कहा कि भौतिक विज्ञान के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे, लेकिन अच्छे अंक आने की उम्मीद है। पल्लवी तिवारी ने कहा कि विज्ञान का प्रश्नपत्र अच्छा था और अधिकांश प्रश्न पढ़े हुए पाठ्यक्रम से ही आए थे। खासतौर पर रसायन विज्ञान के प्रश्न उन्हें काफी आसान लगे। प्रिंसी शुक्ला ने बताया कि विज्ञान का पेपर ठीक रहा और उन्होंने सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्हें 85 से 90 प्रतिशत अंक प्राप्त होने की उम्मीद है।