गोंडा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद से श्रद्धालुओं की तादाद बढ़ रही है। रामनगरी आने वाले ज्यादातर श्रद्धालु नवाबगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या से सटे गांवों और हाईवे किनारे बने होटलों में रुकते हैं। इससे पुलिस की निगरानी का दायरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शासन ने सरयू घाट थाने की स्थापना का निर्णय लिया है, जो कि गोंडा जिले की सीमा में है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा शिवदयालगंज क्षेत्र के साथ ही महेशपुर, लोलपुर, कनकपुर, दुर्गागंज समेत करीब ढाई दर्जन गांवों को शामिल करते हुए सरयू घाट थाना बनाने की पहल तेज हो गई है। शनिवार को एसडीएम विशाल कुमार ने थाने की जमीन तय करने के लिए आसपास क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने राजस्व टीमों को जमीन तय करने का निर्देश दिया। रविवार को राजस्व टीम ने उमरिया गांव में जमीन चिह्नित करके सीमांकन किया। रामनगरी अयोध्या के बगल में गोरखपुर हाईवे से सटे उमरिया गांव में थाने के लिए जमीन तय की गई है। एसडीएम विशाल कुमार ने बताया कि राजस्व टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।