फोटो-18-गोंडा में बभनजोत के गौरा बुजुर्ग गांव में अमृत सरोवर की खोदाई का शुभारंभ करते डीएम। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। संपूर्ण समाधान दिवस चारों तहसीलों में हुआ, मनकापुर में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ डीएम व एसपी ने शिकायतों का निस्तारण किया। शनिवार को शिकायतों के निस्तारण में देरी पर जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार खफा हुए। उन्होंने एक्सईएन प्रांतीय खंड लो.नि.वि और अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड- तीन का वेतन रोकने के आदेश दिए। इसके साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरण किए।
तहसील मनकापुर में जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को निदेश दिए। मनकापुर में कुल 247 प्रार्थपा पत्र मिले। जिसमें सात शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। कहा कि अवैध अतिक्रमण के मामले में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई करें। पूर्व में आयोजित तहसील दिवस में प्राप्त हुए प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की गई। जिसमें एक्सईएन प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग व अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड- तीन ने प्रार्थना पत्रों का निस्तारण समय से नहीं किया है। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने वेतन रोक दिया।
गौरा बुजुर्ग में अमृत सरोवर का किया शुभारंभ
आजादी के अमृत महोत्सव से तालाबों का अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने शुभारंभ किया। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने विकासखंड बभनजोत ग्राम पंचायत गौरा बुजुर्ग के तालाब के कार्य का नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जिस तरीके से सांस लेता है, उसी तरीके से पानी की बूंद का भी महत्व समझे और उसका सदुपयोग करें। कहा कि पानी की बढ़ती जरूरत के साथ जमीन के जलस्तर में कमी आ रही है। तालाब जो एक समय में पानी के मुख्य स्त्रोत माने जाते थे, उनका अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है। ऐसे तालाबों का जीर्णोद्धार करने के लिए भी जनपद में मुहिम चलाई जा रही है। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस.केसरी, एसडीएम मनकापुर कीर्ति प्रकाश, एसडीएम न्यायिक कुलदीप सिंह, तहसीलदार मनकापुर पैगाम हैदर, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी डी.सी एनआरएलएम, डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी बभनजोत, ग्राम प्रधान सहित ग्रामवासी आदि उपस्थित रहे।