गोंडा। जिले में विधानसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान को लेकर मतदाता जागरूकता की गूंज शहर से लेकर गांव तक रही। विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं तक मतदान की अपील प्रशासन ने पहुंचाया। स्कूली छात्रों के जरिए अभिभावकों को मतदान करने का संदेश पहुंचाया गया। कलेक्ट्रेट गेट पर मतदाता जागरूकता स्टाल शिक्षकों ने बनाया है। शिक्षकों ने ‘मतदाता जागरूकता ट्री’ बनाकर शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने इस बार के चुनाव में 75 पार का नारा दिया है। डीएम ने लोगों से शत प्रतिशत मतदान की अपील करते हुए सोशल साइट से लोगों को मतदान के लिये प्रेरित करने की बात कही।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर वोटिंग ट्री प्रदर्शनी लगाई। जिलाधिकारी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा विश्वास का रक्षासूत्र भी बांधा। शिक्षिकाओं ने रंगोली बनाई तथा बगल में लगे पेड़ों पर जागरूकता के स्लोगन लटकाकर उन्हें वोटिंग ट्री का स्वरूप दिया। पेड़ों पर जागरूकता के कई तरह के स्लोगन लटकाए गए थे। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रताप सिंह ने बताया कि मतदाता जागरूकता ट्री का कांसेप्ट राखाराम गुप्ता ने तैयार किया गया है, जिसमें शतप्रतिशत मतदान को लेकर एक संदेश छिपा हुआ है। नोडल स्वीप अधिकारी राकेश कुमार, बीएसए राम प्रताप सिंह, एआरपी राखाराम गुप्ता, उषा कुमारी, अर्चना शुक्ला, प्रियंका, नीतू रघुवंशी, पूजा कनौजिया, प्रीति कनौजिया, सुनील वर्मा, शालिनी सिंह आदि रहे।
वहीं बेलसर के जगदंबा शरण सिंह एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग सिंह की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकली। रैली महाविद्यालय से निकलकर ब्लॉक परिसर होते हुए रगड़गंज बाजार तक निकाली गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता रानी यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रैली में शामिल लोग -भूल न जाना 27 फरवरी को बूथ पर जाना , डंके की चोट अपना नहीं बिकेगा वोट, आदि नारों का बैनर पोस्टर लिए चल रहे थे। स्वयंसेवी छात्र बीच बीच में रुक कर मतदाताओं को मतदान का महत्व समझा रहे थे। खंड विकास अधिकारी अरूण सिंह ने भी एनएसएस के मेधावी छात्रों को मतदान के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि अगर हम एक अच्छी सरकार का निर्माण करना चाहते हैं तो हमारी आवाज सरकार तक अवश्य पहुंचे। हमारी समस्याओं का समाधान हो ,इसके लिए सही जनप्रतिनिधि का चुनाव जरूरी है। कार्यक्रम में डॉ. आनंद सिंह, अल्पना सिंह, नीता सिंह, अर्चना जायसवाल, कीर्ति पांडेय, अभिशेष तिवारी, अमित रावत, दीक्षा सिंह, दयानंद शुक्ला आदि रहे।