एसपी कार्यालय में एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय को ज्ञापन सौंपते सपा नेता दिग्विजय सिंह व अन्य।
गोंडा। परदेस में रहकर कमाने वालों के नाम एफआईआर दर्ज करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह की अगुवाई में सोमवार को लोगों ने एसपी दफ्तर पहुंचकर विरोध जताया। चार लोगों के नाम की सूची देते हुए एफआईआर से नाम हटाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
परसपुर के बसंतपुर सेमरातर निवासी दीपक की हादसे में मौत के बाद 27 जुलाई को लोगों ने थाने के सामने परसपुर-बालपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस ने 34 नामजद व 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सपा नेता दिग्विजय सिंह ने एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय को मांगपत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि एफआईआर में नामजद किए गए सोनू कश्यप निवासी आटा, अमरेश यादव, राज कश्यप, गोविंद कश्यप, विजय यादव निवासी बसंतपुर रोटी-रोटी कमाने के सिलसिले में परदेस रहते हैं। आज भी वे लोग बाहर ही हैं। इसके बाद भी पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच व विवेचना, परसपुर पुलिस की ओर से उत्पीड़न रोकने व पुलिस द्वारा छीना गया सुरजीत सेन का मोबाइल वापस दिलाने की मांग की।