इटियाथोक। बकठोरवा बाजार से ट्राला चोरी के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का ट्राला और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बकठोरवा बाजार निवासी महेश कुमार चौरसिया का नया लाल रंग का ट्राला 27 जुलाई की रात दुकान के पास से चोरी हो गया था। मामले में 28 जुलाई को इटियाथोक थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पंकज निवासी विशुनपुर बैरिया और रामू चौबे निवासी डिहवा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने ट्राला चोरी कर जितेंद्र मिश्र को 70 हजार रुपये में बेच दिया था। जितेंद्र ने ट्राला अरविंद तिवारी को 80 हजार रुपये में बेचा। इसके बाद अरविंद ने चोरी की जानकारी होने के बावजूद इसे शेख अमानउल्लाह को 1.40 लाख रुपये में बेच दिया। शेख अमानउल्लाह उम्मेदजोत स्थित बाबू ट्रेडर्स में ट्राला बनाने और पेंट-पॉलिश का काम करता है। वह ट्राला पर पेंट कराकर अधिक कीमत में बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने बाबू ट्रेडर्स से ट्राला बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार पंकज और रामू ने ट्राला चोरी करने के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था की थी। इसी ट्रैक्टर से ट्राला को खींचकर ले जाया गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया।