गोनार्द संदेश पत्रिका के संपादक बृजनंदन तिवारी उर्फ मंटू की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी में केन्द्र समेत सूबे के रसूखदार एक मंत्री अड़ंगा बने हैं। पुलिस इन्हीं के इशारे पर मुख्य आरोपी की मदद कर रही है। पुलिस ने अभी तक न तो मंटू की स्कार्पियो गाड़ी और लाईसेंसी असलहे की मुख्य आरोपी के प्रतिष्ठान से बरामदगी दिखाई है और न ही उसे गिरफ्तार किया है। यह आरोप मंटू के पिता ने गुरुवार को अपने बहराइच रोड स्थित आवास पर मीडिया के सामने लगाए हैं। उन्होंने मंटू हत्याकांड में नानपारा के कोतवाल को मुख्य आरोपी के पिता का करीबी बताते हुए सूबे के मुख्यमंत्री से मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
पत्रिका के संपादक बृजनंदन तिवारी उर्फ मंटू अपनी स्कार्पियो गाड़ी से 03 सितम्बर की सुबह बहराइच रोड के रहने वाले एक बीडीसी सदस्य अनुराग सिंह व अपने एक साथी के साथ लखनऊ गए थे। वहां से काम निपटाने के बाद मंटू और उनके साथियों ने नेपाल जाने का प्लान किया। इसके बाद बाराबंकी के पूर्व विधायक पुत्तू अवस्थी के बेटे टिंकू अवस्थी, बीडीसी सदस्य अनुराग सिंह, रामनगर के रिंकू दीक्षित व श्रवण कुमार के साथ नेपाल चले गए।
वहां से लौटते समय टिंकू एवं उनके साथियों ने मंटू की गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले में मंटू के भाई ने टिंकू अवस्थी, बीडीसी सदस्य अनुराग सिंह, रामनगर के रिकू दीक्षित व श्रवण कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के तीन दिन बीतने के बाद भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई। मंटू के पिता जगदीश तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी बाराबंकी के पूर्व विधायक पुत्तू अवस्थी के बेटे टिंकू अवस्थी पर केन्द्र के एक मंत्री व सूबे के रसूखदार एक मंत्री की छत्रछाया है।
पत्रकारों ने जब उनसे सवाल किया कि गाड़ी और लाइसेंसी असलहा पुलिस की कस्टडी में होने की बात सामने आ रही है तो उन्होंने साफ कहा कि अगर पुलिस को दोनों चीजे मिल गई तो कहां और किसके पास से बरामद हुई। वह व्यक्ति कौन है पुलिस ने अभी तक इसका खुलासा क्यों नहीं किया। उन्होनें मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
पत्रकार मंटू की हत्या को लेकर रोज नए-नए मामले सामने आ रहे हैं, हालांकि हत्या में वांछित मुख्य आरोपी टिंकू अवस्थी तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाए हैं। हत्या के बाद से हिरासत में लिए गए अभियुक्त अनुराग सिंह से पूछताछ के दौरान बार-बार बयान बदलने को लेकर मंटू के परिवार के लोग हैरान है। मंटू के पिता का तो मानना है कि अनुराग सच्चाई को किसी लालच में या दबाव में छिपा रहा है। जहां पर हत्या बताई जा रही है। उसके आस-पास के गांव के लोग भी वहां हत्या होने की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। ऐसे में मंटू की हत्या नेपाल के एक कसीनों में होने के कयास लगाए जा रहे हैं।