गोंडा। करीब चार महीने बाद जिला कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के कगार पर है। दूसरी लहर में जिले में दहशत फैलाने के बाद अब कोरोना संक्रमण पूरी तरह खत्म होने के करीब है।
वर्तमान में जिले में सिर्फ दो संक्रमित बचे है। राहत वाली बात यह है कि बीते एक सप्ताह से न तो कोरोना संक्रमण का कोई नया केस सामने आया और न ही किसी संक्रमित की मौत हुई है। इससे जल्दी ही जिले के पूरी तरह कोरोना मुक्त होने की उम्मीद काफी बढ़ गयी है।
मार्च माह के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई संक्रमण की दूसरी लहर ने जिले में मई-जून में जमकर दहशत फैलायी थी। इसकी चपेट में आकर करीब साढ़े सात हजार लोग संक्रमित हुए थे जबकि दो सौ के करीब को इस कारण जान तक गंवानी पड़ी थी।
चार माह बाद जिला पहली बार कोरोना मुक्त के कगार पर है। जिले में कोरोना संक्रमण के सिर्फ दो सक्रिय मामले ही बचे हैं। चिकित्सक इसे राहत भरी बात मानते हुए सचेत करते हैं कि अब तीसरी लहर से बचने के लिए बेहद सतर्कता की जरूरत होगी। मास्क लगाने की अनिवार्यता और सामाजिक दूरी का पालन करना पहले से भी ज्यादा जरूरी होगा।
कोरोना संक्रमण का कहर जून महीने से कमजोर पड़ने लगा जो जुलाई माह में काफी हद तक कम हुआ । इसके साथ ही इलाज से मरीजों की रिकवरी भी ठीक रही। लॉकडाउन और जागरूकता का नतीजा यह रहा कि जुलाई समाप्त होते-होते संक्रमितों की संख्या काफी कम हो गई। वहीं अगस्त महीने के पहले सप्ताह में सिर्फ दो मरीज कोरोना पीड़ित बचे है। सोमवार को मात्र एक एक्टिव केस होम आइसोलशन में था जबकि एक मरीज लखनऊ के मेडिकल विवि में भर्ती है।
कोरोना संक्रमण को हराने के लिए हो रहे टीकाकरण अभियान के तहत मंगलवार तीन अगस्त को मेगा इवेंट का आयोजन किया गया है। जिसमें एक ही दिन में 231 सत्र आयोजित कर 66650 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर एस केसरी ने बताया कि आगामी 3 अगस्त 2021 को कोविड टीकाकरण का मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। जिसके अंतर्गत जिले में 66650 व्यक्तियों को 213 सत्रों के माध्यम से प्रतिरक्षित किया जायेगा।
ये सत्र जनपद के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित किये जायेंगे। सीएमओ ने सभी से अपील की है कि ेवह अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना से बचाव हेतु टीकाकरण अवश्य कराएं।