गोंडा। बेसिक शिक्षा के स्कूलों में पढ़ रहे नेत्रहीन छात्र आसानी से शिक्षा हासिल करेंगे। उनके लिए प्रदेश सरकार ने स्पेशल टॉकिंग टैबलेट की व्यवस्था की है। स्कूलों में पढ़ रहे 76 नेत्रहीन छात्रों के जीवन में स्पेशल टैबलेट बड़ा बदलाव लाने जा रहे हैं। पूर्ण दृष्टि दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए विभाग इन टैबलेट का वितरण करने की तैयारी पूरी कर रहा है।
इसमें ऑटो बिल्ड ऑडियो सिस्टम के जरिए नेत्रहीन छात्र आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। छात्रों को पढ़ाने के लिए दस एजूकेटर तय किये जाएंगे। इसके लिए जिला समन्वयक राजेश सिंह का लखनऊ में प्रशिक्षण भी हो रहा है।
यूनिसेफ के सहयोग से विभाग दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। अब नेत्रहीन छात्र-छात्राओं को ऐसे टेबलेट देने की योजना तैयार हुई है, जो उनकी पढ़ाई को सुगम बनाएंगे। इन टैबलेट में ऑटो बिल्ड ऑडियो सिस्टम रहेगा।
ऑडियो के माध्यम से बच्चे शैक्षिक सामग्री को सुन सकेंगे। यह मूल रूप से गणित और भाषा की दक्षताओं पर आधारित है। यह टैबलेट बच्चों को स्थाई रूप से दिए जाएंगे। उनमें इस प्रकार की तकनीक विकसित की जाएगी कि छात्र अपनी कक्षा और विषय अनुसार ऑडियो को स्वयं से संचालित कर सुन सकेंगे। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह ने बताया कि शासन से टैबलेट मिल गया है। जल्द ही वितरण किया जाएगा, छात्रों को पढ़ाने के लिए 10 एजूकेटर भी लगाए गए हैं।