गौरा विधानसभा क्षेत्र के सिंगार घाट में निर्माणाधीन हेलीपैड। - संवाद
गोंडा। विधानसभा चुनाव से पहले गोंडा और बलरामपुर में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग ने नौ स्थायी हेलीपैड बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रत्येक हेलीपैड के निर्माण पर करीब एक से सवा करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अब शासन की मंजूरी मिलने का इंतजार है।
प्रस्ताव के तहत गोंडा में आठ और बलरामपुर में एक हेलीपैड बनाया जाना है। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता सुरेश राम ने बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा तरबगंज में भी हेलीपैड प्रस्तावित है। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, प्रांतीय खंड में पांच हेलीपैड बनाने की योजना है।
सहायक अभियंता प्रिंस मल्ल ने बताया कि मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के इटियाथोक, रुपईडीह और मुजेहना में हेलीपैड प्रस्तावित हैं। इसके अलावा गौरा क्षेत्र के बभनजोत ब्लॉक में घारीघाट पावर हाउस के पास और मनकापुर में अटल आवासीय विद्यालय के निकट जमीन चिह्नित की गई है।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों जिलों में नौ स्थायी हेलीपैड के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे बार-बार अस्थायी हेलीपैड बनाने पर होने वाले खर्च और श्रम की बचत होगी।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के लिए तीन जगह तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए सिंगार घाट, नवाबगंज और पंडरी कृपाल में अस्थायी हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।