कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने की। सांसद ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले का विकास कराने का वादा किया।
अनुश्रवण समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं पर गहन चर्चा की गई। विकास कार्यों की समीक्षा कर सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा।
सांसद के निर्देश पर पीडी वीरेंद्र यादव बताया कि जिले के सभी 9 ब्लॉकों में गत वित्तीय वर्ष में 7503 कार्य शुरू कराए गए जिनमें 477 कार्य पूरे हो चुके है। मनरेगा के तहत 31.17 लाख श्रम दिवस पर कुल 5367.50 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई। एक लाख 83 हजार 177 परिवारों को जाब कार्ड जारी किया गया। एक लाख 4 हजार 427 लोगों ने रोजगार मांगा।
जिले के 93 हजार 352 श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराया गया। 2661 परिवारों को मनरेगा योजना के तहत 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया गया। इंदिरा आवास योजना के तहत 2204 आवास स्वीकृत किए गए।
1253 आवास पूर्ण हो चुके है। राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन के तहत 172 समूहों को प्रशिक्षित किया गया। 223 समूहों को रिवाल्विंग फंड उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 20 सड़कों का कार्य स्वीकृत किया गया था। 110.40 के सापेक्ष 57.46 किलोमीटर की पांच सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
सांसद ने समीक्षा बैठक में राजकीय ग्रामीण पेयजल, निर्मल भारत अभियान, सामुदायिक काम्पलेक्स, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम सहित केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान सदर विधायक जगराम पासवान, तुलसीपुर विधायक मशहूद खां, डीएम प्रीति शुक्ला, सीडीओ रवीश गुप्ता, एडीएम शिव पूजन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।