28द्दस्रड्डश्च5-गोंडा के तरबगंज में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित करते प्रभारी मंत्री?
- फोटो : GONDA
वजीरगंज (गोंडा)। जिले के प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बुधवार को तीन ब्लाकों के विकास कार्यों की समीक्षा की। विकासखंड वजीरगंज, नवाबगंज तथा तरबगंज ब्लाक अंतर्गत विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने चेताया कि विकास व कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही मिलने पर सीधी जवाबदेही तय होगी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग निवेश व निर्यात खादी एवं ग्रामोद्योग रेशम हथकरघा वस्त्र उद्योग एवं एनआरआई विभाग के केबिनेट व जिला प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इस दौरान ब्लाकों की परफॉर्मेंस का मूल्यांकन करते हुए विकासखंड तरबगंज को प्रथम तथा नवाबगंज को द्वितीय स्थान दिया।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की जमकर तारीफ करते हुए इनसे जुड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित भी किया। कहा कि अधिकारी इस बात का प्रयास करें कि अच्छा कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों के कार्यों का उदाहरण अन्य समूहों के समक्ष भी प्रस्तुत कराएं ताकि वह भी उनसे प्रेरित हो सकें।
मंत्री द्वारा स्वयं सहायता समूहों तथा महिलाओं के स्वावलंबन एवं रोजगार सृजन पर विशेष जोर देते हुए पीएम आवास, मुख्यमंत्री आवास मनरेगा, चतुर्थ राज्य वित्त, तेरहवां, विभिन्न वित्त आयोगों की प्रगति रिपोर्ट, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत समूह के गठन की प्रगति, लघु सिंचाई विभाग पंडित दीनदयाल स्वत: रोजगार योजना की प्रगति के साथ ही खादी ग्राम उद्योग, स्वास्थ विभाग तथा शिक्षा विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की।
वजीरगंज ब्लाक परिसर में स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही, एसपी संतोष कुमार मिश्रा, जिलाध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी व पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।