मोतीगंज/करनैलगंज/तरबगंज/ मनकापुर(गोंडा)। हापुड़ में लेखपाल सुभाष मीणा की मौत से नाराज साथी लेखपालों ने सोमवार को तहसील मुख्यालयों पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा।
सदर तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा व मंत्री आत्माराम वर्मा के नेतृत्व में तहसील परिसर में धरना दिया गया। मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र नायब तहसीलदार अहमद हसन को सौंपा गया। जिसमें मृतक लेखपाल के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने, मृतक के परिजनों को योग्यता के अनुरूप सरकारी सेवा में भर्ती करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।
करनैलगंज तहसील परिसर में सोमवार को उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ के प्रांतीय पदाधिकारी रामबहादुर पांडेय की अगुवाई में तहसील के लेखपालों ने धरना प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष मनीष कुमार शुक्ल व संचालन पवन यादव ने किया। वहीं तरबगंज तहसील के लेखपाल संघ पदाधिकारियों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विश्वमित्र सिंह को सौंपा। मनकापुर में लेखपाल संघ के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार वर्मा व मंत्री राम पूजन सिंह यादव की अगुवाई में लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना एवं प्रदर्शन किया।