उमरीबेगमगंज (गोंडा)। मां वाराही ज्ञानस्थली विद्यालय बिकने के बाद विवादों के घेरे में आ गया है। विद्यालय प्रबंधक ने स्कूल सहित जमीन बेच दी। मामले में तरबगंज रजिस्ट्रार मनोज कुमार श्रीवास्तव ने एक शिकायती पत्र को संज्ञान में लेते हुए जांच की तो हकीकत सामने आई। करीब 58 लाख रुपये की कोर्ट फीस सहित स्टांप की चोरी का मामला सामने आया। रजिस्ट्रार ने बताया कि स्कूल की जमीन व भवन का बैनामा गत 20 दिसंबर को उमरी निवासी सत्यदेव सिंह ने तेलहा निवासी रामबहाल सिंह के पक्ष में किया था। इस बैनामे में तथ्यों को छिपाकर लाखों रुपये की स्टांप की चोरी की गई है। इसकी रिपोर्ट सहायक महानिदेशक निबंधन गोंडा को प्रेषित कर दी गई है। शीघ्र ही जुर्माना सहित रकम क्रेता से वसूल की जाएगी।
नियम विरुद्ध हो रहा विद्यालय का संचालन
लगभग 12 वर्षों से इस विद्यालय का संचालन हो रहा था। परंतु विद्यालय सुचारू रूप से चल नहीं पा रहा था। इसलिए प्रबंधक ने तेलहा निवासी रामबहाल सिंह और उनके पुत्र कमल को विद्यालय का भवन सहित पूरी जमीन बेच दी। क्रेता ने भी आनन-फानन बिना आधिकारिक रूप से मान्यता लिए ही इंटरमीडिएट तक कक्षाएं चलाने के लिए विद्यालय का प्रचार व एडमिशन करना भी शुरू कर दिया। इस बारे में बीईओ बेलसर आरके सिंह ने बताया कि संस्था का हस्तांतरण नहीं किया जा सकता। बिना अनुमति के ही नए विद्यालय का संचालन करना अपराध की श्रेणी में आता है। प्रकरण संज्ञान में है। इसकी जांच की जाएगी।