झंझरी (गोंडा)। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर पिता-पुत्र ने पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले में एसपी विनीत जायसवाल से शिकायत के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। बूढ़ादेवर निवासी भूपेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलोनी निवासी अनुराग श्रीवास्तव से उनकी दोस्ती थी। अनुराग के पिता राकेश कुमार श्रीवास्तव रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में वरिष्ठ कार्यालय अधीक्षक हैं। पीड़ित ने बताया कि पिता-पुत्र ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। गैंगमैन पद पर नौकरी दिलाने के लिए सात लाख रुपये की मांग की। उन्होंने पांच लाख रुपये दे दिए। मगर आरोपी ने न तो नौकरी दिलवाई और न ही रकम लौटाई। कोतवाल नगर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। (संवाद)