माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 9 व 11 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की परीक्षा फीस में बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा के पंजीकरण शुल्क में भी वृद्धि कर दी गई है। अब इन छात्र-छात्राओं को पंजीकरण शुल्क के तौर पर 50 रुपये विद्यालय में जमा कराने होंगे। पहले यह शुल्क 20 रुपये निर्धारित था।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव ने आदेश जारी किया है। परीक्षा व पंजीकरण शुल्क में की गई बढ़ोतरी से अभिभावकों के जेब पर बोझ बढ़ गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के इस फैसले के मुताबिक अब हाईस्कूल के संस्थागत परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए 200 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 80 रुपये निर्धारित था।
इसी तरह हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी को 100 रुपये के स्थान पर 300 रुपये चुकाने होंगे। इंटरमीडिएट के संस्थागत परीक्षार्थियों को 90 रुपये के स्थान पर 220 रुपये व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को 150 रुपये के स्थान पर 400 रुपये परीक्षा शुल्क देना पड़ेगा।
इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 9 व 11 की परीक्षा में लगने वाला पंजीकरण शुल्क भी बढ़ा दिया है। पहले इन कक्षाओं में पंजीकरण के लिए छात्र-छात्राओं को 20 रुपये का शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब इन्हें पंजीकरण के लिए 50 रुपये का शुल्क विद्यालय में जमा करना होगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव शैल यादव ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार दूबे ने बताया कि इस आदेश के क्रम में जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है।