मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के बैरीपुर रामनाथ गांव के मजरा दत्तूपुर में शनिवार को लोहे के तार की अरगनी में करंट उतरने से जहां दो लोगों की मौत हो गई, तो वहीं बिजली की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। जिसे सीएचसी मनकापुर में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि हादसा नहाने के बाद तार की उस अरगनी पर कपड़ा फैलाते वक्त हुआ, जिसमें पहले से ही करंट आ रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के बैरीपुर रामनाथ गांव के मजरा दत्तूपुर में रहने वाले राजेश पांडेय (42) शनिवार की सुबह घर में लगे हैंडपंप पर नहाने के बाद अपने कपड़े लोहे के तार वाली अरगनी पर फैलाने गए थे।
यह तार जिस सरिया से बंधा था, उसी से होकर उनके घर को जाने वाली बिजली की केबल भी गई है, जिसमें बिजली का करंट आ रहा था। राजेश ने जैसे ही लोहे के तार पर कपड़ा फैलाया, वैसे ही बिजली का करंट लगने से वह तार से चिपक गए।
उनकी चीख-पुकार पर पास में खड़ी उनकी पुत्रवधू रेखा (22) पत्नी नरेंद्र पांडेय ने उन्हें बचाने के लिए उनका हाथ पकड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में ससुर राजेश पांडेय की पत्नी सुशीला (40) गंभीर रूप से झुलस गईं।
उन्हें सीएचसी मनकापुर में भर्ती कराया गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। कोतवाली मनकापुर के एसआई जयशंकर मिश्र ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पॉवर कॉरपोरेशन के एसडीओ दिव्यरंजन के मुताबिक घटना की सूचना उन्हें मिली है। मौके पर बिजलीकर्मियों को भेजा गया है। एसडीओ के मुताबिक हादसा उपभोक्ता की सर्विस केबल से हुआ है, जिससे कॉरपोरेशन का कोई लेना-देना नहीं है।
शनिवार को मनकापुर के दत्तूपुर गांव में हुई घटना से हर कोई स्तब्ध है। हादसे में राजेश के अलावा उनकी जिस पुत्रवधू की मौत हुई। उसका अभी 11 मार्च को ही गौना आया था।
शनिवार को ससुराल से बाबुल के घर जाने के लिए रेखा सुबह जल्दी उठकर तैयार हो रही थी। जबकि घर में उसके ससुर और अन्य सभी लोग भी नहाने-धोने में लगे थे। लेकिन किसी को नहीं पता था कि नियति उनके घर के आंगन में खड़ी होकर दो लोगों की मौत का इंतजार कर रही है।