गोंडा। हिट एण्ड रन में जिले में पिछले दो साल में नौ लोगों की मौत हो गई थी। संभागीय परिवहन विभाग ने मरने वाले नौ लोगों के आश्रितों को सोलेशियन स्कीम के तहत मुआवजा दिलाने के लिए इश्योरेंस कंपनी को रिपोर्ट भेजी थी। इसकी खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसका असर रहा कि नौ मृतकों के आश्रितों के लिए इश्योरेंस कंपनी ने 25000-25000 हजार रुपये का चेक जारी किया है।
पिछले दो साल में जनपद के 17 थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों में हुई लोगों की मौत के साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के मामले में पुलिस ने वर्ष 2019 व 2020 में दर्ज किए 85 केस को हिट एण्ड रन की श्रेणी में माना है। पुलिस की रिपोर्ट की जिला मजिस्ट्रेट ने उप जिला मजिस्ट्रेट सदर से जांच कराई तो 40 मामले खारिज कर दिए गए। इनमें से 45 मामलों को हिट एंड रन की श्रेणी में लिया गया है। जांच के बाद संभागीय परिवहन विभाग ने हिट एण्ड रन में मरने वाले नौ लोगों के आश्रितों को सोलेशियन स्कीम के तहत मुआवजा दिलाने के लिए इश्योरेंस कंपनी को रिपोर्ट भेजी थी। इस समस्या को अमर उजाला माई सिटी में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इश्योरेंस कंपनी ने आश्रितों के लिए मुआवजे के रकम का चेक जारी कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से अब जल्द ही आश्रितों के खातों में भेजा जाएगा।
हिट एण्ड रन में जिले में दो महिलाओं समेत मरने वाले नौ लोगों के आश्रितों को अधिकृत इश्योरेंस कंपनी ने 25000-25000 रुपये की धनराशि का चेक जारी किया है। आश्रितों के खातों में जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा जाएगा। धनराशि से संबंधित चेकों को जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय भेज दिया गया है। अब हिट एण्ड रन में मरने वालों के आश्रितों को जल्द मुआवजा मिल जाएगा। - अजय कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन