फोटो-20 गोंडा में बेलसर के बदलेपुर गोआश्रय केंद्र का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी व अन्य। संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिले में ठंड और कोरोना से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजाम की पड़ताल नोडल अधिकारी ने किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ बैठक की। बुधवार को विशेष सचिव धर्मार्थ/जिले के नोडल अधिकारी रघुवीर ने सर्किट हाउस में डीएम, सीडीओ व सीएमओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर गोवंश संरक्षण, धान क्रय की स्थिति तथा जनपद में कोविड नियंत्रण, ऑक्सीजन प्लांट आदि की समीक्षा की।
बैठक में नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि गोवंशों के संरक्षण में कोई कोताही न बरती जाए और सभी गोआश्रय स्थलों में क्षमता के अनुसार निराश्रित गोवंशों का संरक्षण कराने के साथ आवश्यक प्रबंध हर हाल में सुनिश्चित कराई जाएं। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 64 गोशालाएं हैं। जनपद में छुट्टा गोवंशों की संख्या 10 हजार 952 हैं, जिसके सापेक्ष 10 हजार 53 गोवंश वर्तमान में गोशालाओं में संरक्षित हैं। कोविड नियंत्रण की समीक्षा में सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 26 लाख से अधिक लोगों को कोविड की पहली डोज लग चुकी है तथा दूसरी डोज करीब 80 प्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी हैं। बूस्टर लगाने का काम भी लगभग पूर्ण होने वाला है। ऑक्सीजन की उपलब्धता की समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में जिले में 3800 एलपीएम ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट संचालित हैं।
नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोविड पॉजिटिव लोगों को मेडिकल किट मुहैया कराने के साथ छूटे हुए लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए कोविड कमांड सेंटर व निगरानी समितियों के माध्यम से लगातार प्रयास जारी रखें। धान खरीद की समीक्षा में डिप्टी आरएमओ ने बताया कि धान खरीद के लिए शासन से जनपद को 82 हजार 300 मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष 93 हजार 295 मीट्रिक टन खरीद की जा चुकी है, तथा किसानों का भुगतान किया गया है। इस दौरान सीएमओ डॉ. आरएस केसरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रवींद्र सिंह राठौर, डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा आदि अधिकारी रहे।
सतर्कता बरतने पर जोर
समीक्षा बैठक के बाद नोडल अधिकारी ने सीडीओ के साथ जिला अस्पताल में स्थापित 1000 एलपीएम, 500 एलपीएम तथा 1500 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन प्लांटों, कोविड हॉस्पिटल तथा वहां पर संचालित कोविड वैक्सीनेशन कैंप का निरीक्षण किया गया।
नोडल अधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद नोडल अधिकारी ने गोआश्रय केंद्र बदलेपुर बेलसर तथा गो आश्रय केंद्र चंगेरी परसपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशाला में निराश्रित गोवंशों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोआश्रय संरक्षकों ने नोडल अधिकारी से प्रति गोवंश मिलने वाली 30 रुपये की राशि को बढ़ाने की मांग भी की। सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को तीन फरवरी को नोडल अधिकारी गोआश्रय स्थलों एवं धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।