गोंडा। विधानसभा निर्वाचन-2022 में नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। प्रवेेश द्वार से नामांकन कक्ष पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। बुधवार को पूरे दिन इंतजार के बाद भी दूसरे दिन कोई नामांकन नहीं हुआ। नामांकन पत्रों का वितरण जरूर हुआ। जिसमें दूसरे दिन 54 सेट नामांकन पत्र लिए गए। अब तक प्रत्याशियों ने 92 नामांकन पत्र दो दिनों में ले चुके हैं। इस बार नामांकन पत्र का कोई शुल्क नहीं है।
बुधवार को नामांकन के दूसरे दिन सातों विधानसभा क्षेत्रों में एक भी नामांकन नहीं हुआ।जिला निर्वाचन अधिकारी मार्कंडेय शाही ने कलेक्ट्रेट का भ्रमण कर नामांकन की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया और विधानसभा वार नियुक्त निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों को सतर्कता के निर्देश दिए। नामांकन कार्यों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी मार्कण्डेय शाही ने सीआरओ व एडीएम के साथ सभी नामांकन न्यायालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नामांकन करने के लिए आने वाले प्रत्याशियों से पहले से वार्ता कर समय का निर्धारण करा लें। जिससे एक साथ दो दलों के प्रत्याशी न आएं, ताकि नामांकन में किसी भी परेशानी या असहज स्थिति से बचा सके और कोविड प्रोटोकॉल के तहत नामांकन कार्य हो सके।
निरीक्षण के दौरान एएसपी शिवराज, सीओ संसार सिंह राठी, सीओ मुन्ना उपाध्याय, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, डीएफओ, ओएसडी शिवराज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। माना जा रहा है कि प्रतिपदा होने के कारण किसी ने नामांकन नही किया है। गुरुवार से नामांकन शुरू होंगे। जिसमें भाजपा समेत कई दलों के प्रत्याशी नामांकन करेंगे। प्रशासन ने व्यवस्था और चुस्त करने पर जोर दिया है।
नामांकन पत्र लिए जाने का रहा जोर
नामांकन के दूसरे दिन राजनीतिक दलों ने 54 नामांकन पत्र प्राप्त किए। जिला निर्वाचन अधिकारी मार्कंडेय शाही ने बताया कि नामांकन के दूसरे दिन भी नामांकन शून्य रहा। प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। विधानसभा सदर में कुल पांच सेट जिसमें निर्दलीय दो, सम्यक पार्टी एक, बसपा के मोहम्मद जकी ने दो, विधानसभा कटरा बाजार में सात सेट नामांकन पत्र लिए गए। आम आदमी पार्टी के विजय विश्वकर्मा ने दो, बसपा के विनोद शुक्ल ने एक, भाजपा के बावन सिंह ने चार सेट, विधानसभा करनैलगंज में 16 सेट नामांकन पत्र लिए गए। भाजपा के अजय कुमार सिंह ने चार, निर्दलीयों ने नौ, सपा के योगेश प्रताप सिंह ने दो, बहुजन मुक्ति पार्टी ने एक, विधानसभा तरबगंज में बसपा के लालजी यादव ने एक, विधानसभा मनकापुर में दो सेट लिए गए हैं। आम आदमी पार्टी के एक तथा निर्दल एक, विधानसभा गौरा में आठ सेट नामांकन पत्र लिए गए हैं। जिसमें निर्दल चार, जन अधिकार पार्टी दो, आम आदमी पार्टी दो, विधानसभा मेहनौन में 15 सेट नामांकन लिए गए हैं। जिसमें सपा की ओर से तीन सेट, भाजपा के विनय द्विवेदी ने एक, बसपा ने एक, आम आदमी पार्टी ने एक, अपना दल ने एक, जन अधिकार पार्टी ने एक, रिपब्लिक सेना ने एक, भारतीय सुभाष सेना ने एक, निर्दल ने चार तथा राइट टू रिकॉल ने एक सेट नामांकन पत्र लिए हैं। इस तरह 54 सेट नामांकन पत्र प्राप्त किए गए।