गोंडा के सिसई टिकरिया में विद्युत लाइन दुरुस्त करते कर्मी।
गोंडा। 20 दिन तक उमस भरी गर्मी में बिजली-पानी के बिना पढ़ने को मजबूर राजकीय हाईस्कूल सिसई टिकरिया के बच्चों की परेशानी आखिरकार जिम्मेदारों तक पहुंची। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन बुधवार को बिजली विभाग की टीम ठेकेदारों के साथ स्कूल पहुंची और टूटे खंभे व लाइन की मरम्मत शुरू करा दी।
प्रधानाचार्य अमिता पांडेय ने मंगलवार को बैठक में समस्या उठाते हुए बताया था कि जेई से लेकर एक्सईएन तक गुहार के बावजूद 20 दिन तक कोई समाधान नहीं हुआ। 22 सितंबर को अमर उजाला ने ‘बैठक में छलका बिजली संकट का दर्द’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर का संज्ञान लेकर मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने सुभागपुर के जेई ओम प्रकाश को फटकार लगाई और तत्काल आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए।